Chandigarh
महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से मनाया जा रहा तीज महोत्सव : विपुल गोयल

Chandigarh Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 28 जुलाई। प्रदेश भर में आज पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ तीज महोत्सव मनाया गया।जिला प्रशासन रेवाड़ी के तत्वावधान में सोमवार को केएलपी कॉलेज ऑडिटोरियम में तीज महोत्सव का शानदार आयोजन किया गया। महोत्सव में प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने सभागार में गांव पावती, पिथरावास, बवाना गुज्जर, धामलावास, कुंडल, जाहिदपुर, मालाहेड़ा, नारायणपुर, गोकलगढ़ व बुडानी के महिला सांस्कृतिक केंद्रों व सांझा बाजार का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। आज मनाया जा रहा हरियाली तीज महोत्सव भी इसी कड़ी का एक पड़ाव है। प्रदेश की महिलाओं को सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना इस उत्सव को मनाए जाने का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी, जिसके परिणामस्वरूप आज राज्य के लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ है। बेटियों के प्रति समाज की सोच अब बदल चुकी है।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं : कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा
हरियाणवी संस्कृति की खुशबू, सावन की सौंधी मिट्टी और नारी शक्ति के स्वरूप को समर्पित हरियाली तीज महोत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम झज्जर के गांव खातीवास स्थित संस्कारम स्कूल के प्रांगण में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा शामिल हुए, जिन्होंने इस पावन अवसर पर प्रदेश सरकार की तरफ से भेजी गई कोथली का उपहार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देते हुए तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और जिले में 1.32 लाख रुपये की लागत से खुले 16 महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अपना शुभ संदेश दिया।