Faridabad NCR
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला, नॉर्थ ईस्ट के 8 राज्यों के कलाकारों ने बैंड, नृत्य तथा फैशन का किया प्रदर्शन

Faridabad Hindustan ab tak/Dinesh Bhardwaj : 13 फरवरी। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में सोमवार की सांस्कृतिक संध्या पूर्वोत्तर राज्यों की समृद्ध संस्कृति और फैशन के नाम रही। बड़ी चौपाल पर वाइब्स ऑफ नॉर्थ ईस्ट की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में नॉर्थ ईस्ट के 8 राज्यों के कलाकारों ने बैंड, नृत्य तथा परिधान का प्रदर्शन किया। फैशन शो में मॉडल्स ने अपनी अदाओं के जलवे बिखेरे। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री (पेट्रोलियम और नेचुरल गैस) रामेश्वर तेली ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उत्तर पूर्वी हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम लिमिटेड तथा उत्तर पूर्वी क्षेत्रीय कृषि विपणन निगम के संयोजन और रंजन बी गोहेन की देखरेख में इस कार्यक्रम में सबसे पहले द फंटास्टिक कंपनी ने मशहूर रॉक बैंड के माध्यम से दर्शकों में उत्साह का संचार किया। उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की अगवानी में हुए इस कार्यक्रम में जूटीमाला, ताई फोक और नॉर्थ ईस्टर्न फ्यूजन डांस पर दर्शक खड़े होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने हर खुशी के मौके के गाने प्रस्तुत किए। सभी स्टेट के 150 कलाकारों ने अंत में एक साथ डांस किया तो स्टेज सप्तरंगी हो गया, जिसका उपस्थित दर्शकों ने जोरदार तालियों की गडग़डाहट से स्वागत किया।
इसके बाद समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा हथकरघा की जादुई कला से बने कपड़ों का फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। फैशन शो में प्रसिद्ध पूर्वोत्तर फैशन डिजाइनरों- मेघना राय मेधी, पपली गोगोई और दिल्पू हजारिका द्वारा पूर्वोत्तर भारत की बुनाई और हथकरघा संग्रह को प्रदर्शित किया गया। रैंप पर मॉडल्स ने कैटवॉक कर फैशन का जलवा बिखेरा। उनकी मदमस्त करने वाली अदाओं पर सभी मदहोश हो गए। शो में जब मॉडल रैंप पर पहुंचीं तो दर्शकों की आंखें उन पर टिकी रह गईं। मेले की मुख्य चौपाल पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में हथकरघा के बेहद खूबसूरत परिधान पहनकर मॉडल्स ने डांस भी किया।
इस शो की कोरियोग्राफी प्रसिद्ध फैशन डायरेक्टर दीपांकर कश्यप की रही तथा सह- संचालन राकेश शर्मा ने किया। इवेंट कोऑर्डिनेटर भारद्वाज गोगोई रहे।