Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 13 फरवरी। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में छोटी व बड़ी चौपालों पर देश व विदेश के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को बड़ी चौपाल पर विभिन्न देशों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों की खूब तालियां बटोरी।
सूरजकुंड मेला परिसर की छोटी चौपाल पर पर्यटन निगम, कला एवं संस्कृति कार्य विभाग तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यस्र5मों का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को हरियाणा कला परिषद रोहतक मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने रागीनियों, लोकगीतों और सामूहिक नृत्य से खूब धमाल मचाया। लोक कलाकार विशेष भंडेरी ने बम लेहरी की प्रस्तुति से भगवान शिव का वंदन कर पंडाल में शिवमय माहौल बना दिया। इनके अलावा उन्होंने अनेक हरियाणवी गीतों और रागनियों पर भी प्रस्तुति दी। इनके अलावा अमन एंड ग्रुप ने डांस की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं अमित रोहणा ने रागनियों से दर्शकों को पंडाल में झूमने पर विवश कर दिया। इनके अलावा सपेला पार्टी और स्कूली विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। बता दें कि 14 फरवरी को छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकार गजेंद्र फोगाट अपनी प्रस्तुतियों से धमाल मचाएंगे।
मेला परिसर में बड़ी चौपाल पर देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के साथ-साथ विदेशी कलाकारों द्वारा अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पर्यटकों को खूब लुभाया जा रहा है। वीरवार को युगांडा, घाना, म्यनमार, बैलारूस, इटोपिया, रसिया व नाइजीरिया आदि देशों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी गई। वहीं थीम स्टेट मध्यप्रदेश और ओडिसा सहित अन्य राज्यों के लोक कलाकरों द्वारा भी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। गौरतलब है कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला 23 फरवरी तक निरंतर जारी रहेगा।