Faridabad NCR
इंडियन म्यूजिक पर विदेशी कलाकारों ने जमाया रंग, छोटी व बड़ी चौपालों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया जा रहा आयोजन

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 21 फरवरी। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देश-विदेश के लोक कलाकार पर्यटकों का दिल जीत रहे हैं। शुक्रवार को सूरजकुंड मेला की छोटी और बड़ी चौपाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। बड़ी चौपाल पर जहां विदेशी कलाकारों ने अपनी परंपरा व संस्कृति को गीतों व नृत्य के माध्यम से दर्शकों के समक्ष पेश किया। वहीं छोटी चौपाल पर हरियाणवी संस्कृति की धारा को अविरल बहाने का कार्य प्रदेश के लोक कलाकारों ने किया।
हरियाणा के पर्यटन निगम और कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के तत्वावधान में मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी चौपाल पर कैप वर्डे देश के कलाकारों ने इंडियन म्यूजिक पर नृत्य पेश किया। इन कलाकारों ने कह दो ना कह दो ना यू आर माई सोनिया… गीत पर बेहतरीन नृत्य की प्रस्तुति से पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इनके अलावा तंजानिया, म्यांमार, इरिट्रिया, किर्गिस्तान, केमरोन, जिम्बाब्वे, इस्वातिनी, साउथ सूडान, नाइजीरिया आदि देशों व मेले के थीम स्टेट ओडिशा और मध्य प्रदेश के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों की तालियां बटोरी। वहीं छोटी चौपाल पर आर्ट एंड कल्चरल डिपार्टमेंट और हरियाणा कला परिषद कुरुक्षेत्र मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया गया। इसमें सोनू नाथ एंड ग्रुप ने बीन, शिवराज एंड ग्रुप की बैगपाइपर पार्टी तथा निर्भय शाकर ने गिटार की मधुर धुनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कैथल के डा. राजीव शर्मा ने अपने हास्य चुटकुलों से दर्शकों को लोटपोट कर दिया। चरखी दादरी के जोगिंदर एंड ग्रुप ने हरियाणवी लोक नृत्य, गुरुग्राम के शुभरा अरोड़ा एंड ग्रुप ने शास्त्रीय समूह नृत्य, करनाल के संदीप सैनी एंड ग्रुप ने हरियाणवी लोक तथा पोप बैंड से चौपाल में रंग जमाए रखा। इस अवसर पर काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।