Chandigarh
हरियाणा के हिसार का लाल पर्वतारोही नरेंद्र कुमार बना ‘फिट इंडिया एंबेसडर’

Chandigarh Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 04 अगस्त। युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने हरियाणा के हिसार जिले के नलवा हल्का के गांव मिंगनी खेड़ा निवासी प्रसिद्ध पर्वतारोही नरेंद्र कुमार को ‘फिट इंडिया एंबेसडर’ के रूप में नियुक्त किया है। यह सम्मान नागरिकों के बीच स्वास्थ्य और फिटनेस के महत्व को बढ़ावा देने में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया है। मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि नरेंद्र कुमार की गतिविधियां और प्रयास भारत के नागरिकों को स्वस्थ और तंदुरुस्त रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उनका कार्य फिट इंडिया मिशन के तहत स्वास्थ्य और खेल को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
इस समारोह में युवाओं और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, “फिट इंडिया मिशन का प्राथमिक उद्देश्य हमारे नागरिकों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार जैसे युवा एंबेसडर हमारे मिशन की योजना और विचारधारा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
इस नियुक्ति को देशभर में फिटनेस और स्वास्थ्य संस्कृति को मज़बूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नरेंद्र कुमार ने ‘फिट इंडिया एंबेसडर’ के रूप में अपनी नियुक्ति पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि, “मैं फिट इंडिया मिशन के लिए काम करते हुए अत्यंत गर्व महसूस कर रहा हूँ। मैं हर संभव प्रयास करूंगा कि फिट इंडिया मिशन को आगे बढ़ाने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, जिससे नागरिकों को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके। मैं फिट इंडिया मिशन के तहत अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करूंगा।”
हरियाणा का यह पर्वतारोही, नरेंद्र कुमार, जिन्होंने हाल ही में दुनिया की सबसे दुर्गम और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस को फतेह किया है, देश के लिए गर्व का विषय हैं। वे पहले हरियाणवी पर्वतारोही हैं जिन्होंने माउंट अन्नपूर्णा (ऊंचाई 8,091 मीटर) पर तिरंगा फहराया, और उन्होंने पर्वतारोहण में कई राष्ट्रीय एवं विश्व स्तरीय उपलब्धियां भी हासिल की हैं। नरेंद्र ने माउंट किलिमंजारो पर 5 दिन में दो बार चढ़ाई करके विश्व रिकॉर्ड बनाया है और हरियाणा के पहले व्यक्ति जो माउंट ल्होत्से (8516 मीटर) पर चढ़ाई करने का कीर्तिमान स्थापित किया। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने देशभक्ति की मिशाल कायम करते हुए 15 अगस्त 2021 को माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वे बच्चों को माउंटेनियरिंग और एडवेंचर के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें केरियर बनाने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं।
फिट इंडिया मिशन के बारे में:
फिट इंडिया मिशन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 29 अगस्त 2019 को की गई थी, और इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को खेल और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।