Connect with us

Faridabad NCR

महिलाओं के हितों की रक्षा में समाज और सरकार की संयुक्त जिम्मेदारी : रेणु भाटिया

Published

on

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 19 सितम्बर। हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं से संबंधित मुद्दों एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से नगर निगम फरीदाबाद के पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रेणु भाटिया ने की। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी और पार्षदगण मौजूद रहे।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रेणु भाटिया ने कहा कि महिलाओं के हितों की रक्षा करना और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करना केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर पार्षदों की भूमिका सबसे अहम होती है, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं और जमीनी स्तर पर महिला संबंधी समस्याओं को सबसे पहले समझने और समाधान कराने में सक्षम होते हैं। उन्होंने सभी पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में स्थित स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि बच्चों को शुरू से ही महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और कानूनों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग और नगर निगम प्रशासन
इस कार्य में पार्षदों को हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक माहौल बनाने के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को आत्मविश्वास भी प्रदान करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि पार्षद, स्कूल और समाज मिलकर इस दिशा में कार्य करेंगे तो महिलाओं के सामने आने वाली कई चुनौतियाँ स्वतः ही दूर होंगी और हरियाणा एक सुरक्षित एवं सशक्त राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों की रक्षा के लिए नगर निगम और प्रशासन द्वारा ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ उत्पीड़न, भेदभाव या हिंसा जैसी कोई भी घटना घटती है तो तुरंत संबंधित विभाग और हरियाणा राज्य महिला आयोग से संपर्क किया जाना चाहिए, ताकि पीड़िता को समय पर न्याय मिल सके।

मेयर प्रवीण जोशी ने हरियाणा राज्य महिला आयोग और सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकें महिलाओं के हितों को मजबूत करने और उनके लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें न केवल जागरूकता बढ़ाती हैं बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को भी सशक्त बनाती हैं। उन्होंने उपस्थित पार्षदों और अन्य सदस्यों से आह्वान किया कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता की भावना को प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। मेयर ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की जा सकती है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 | www.hindustanabtak.com