Faridabad NCR
हार की हताशा में झूठे आरोप गढ़ रही है कांग्रेस : पंकज पूजन रामपाल
Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठे आरोपों पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस चुनावों में बार-बार मिल रही करारी हार के बाद अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए बहाने ढूंढ रही है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि देश का हर नागरिक लोकतंत्र की ताकत और एक-एक वोट के महत्व को समझता है। इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए चुनाव सुधार समय-समय पर किए जाते रहे हैं। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब कभी चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल नहीं उठाए गए, लेकिन आज सत्ता से बाहर होते ही वह संवैधानिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगाने लगी है।
पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब संसद में एसआईआर पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे थे, तब कांग्रेस सच का सामना नहीं कर सकी और लोकसभा से वॉकआउट कर गई। यह कांग्रेस की सच्चाई से डरने वाली मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में पहले जब जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी पर चर्चा हुई, तब कांग्रेस ने सदन का बहिष्कार नहीं किया, लेकिन जैसे ही घुसपैठियों और फर्जी वोटों का मुद्दा उठा, कांग्रेस ने संसद से भागने का रास्ता चुन लिया। इससे साफ हो गया कि कांग्रेस के मन में चोर है और वह सच्चाई से डरती है। कांग्रेस को न देश के हितों की चिंता है और न ही लोकतंत्र की मजबूती की। भाजपा फर्जी वोटों और अवैध घुसपैठियों को लोकतंत्र से खिलवाड़ नहीं करने देगी। भारत में कोई भी घुसपैठिया न मुख्यमंत्री चुन सकता है और न प्रधानमंत्री। कांग्रेस का पूरा राजनीतिक एजेंडा सिर्फ वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रह गया है।
