Faridabad NCR
मंत्री राजेश नागर के नेतृत्व में तिगांव क्षेत्र में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 17 मई। हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर के नेतृत्व में आज तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पल्ला इलाके में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और भारत माता की जयकारे लगाए। लोगों ने देश की सेना के शौर्य की प्रशंसा की और देश का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना की।
आज सेहतपुर पेट्रोल पंप से पल्ला पुल तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर भारत सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में दोहराया है कि अब किसी भी प्रकार के आतंकवादी कृत्य को राष्ट्र के विरुद्ध युद्ध की तरह माना जाएगा और उसी गंभीरता से उसका उत्तर भी दिया जाएगा। श्री नागर ने कहा कि “आतंकवादियों के दुस्साहस का माकूल जवाब भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से दिया। यह सिर्फ एक बदला नहीं, बल्कि नए भारत की चेतावनी है।” उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर यह दर्शाता है कि अब कोई भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि सहन नहीं की जाएगी।
तिरंगा यात्रा के दौरान जोश और गर्व से ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा में मंत्री राजेश नागर के साथ निगम पार्षद सुमंत चंदेल, सरोज शिशु अवाना एवं लाल मिश्रा, पार्षद प्रत्याशी रहे अमित भारद्वाज, अजय भड़ाना, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार, सुधीर मेहता, अजब चंदीला, मदन पुजारा, सुंदर कसाना, मुकेश शर्मा समेत क्षेत्र के सभी सरपंच भी प्रमुख रूप से शामिल हुए।