Faridabad NCR
दिव्यांग बच्चों को समर्पित भारत विकास परिषद के वार्षिकोत्सव को सभी ने सराहा
Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : भारतीय विकास परिषद सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर दिव्यांग चिल्ड्रन के वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें देश की प्रख्यात पैरा-ओलंपियन पद्मश्री एवं खेल रत्न-अर्जुन अवार्डी डॉ.दीपा मलिक मुख्य आकर्षण रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसी बोस विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने की। विशेष अतिथि के रूप में उद्योगपति सुदीप्तो रॉय चौधरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल के अतिरिक्त अध्यक्ष मनोज तंतिया, महासचिव अशोक बोयल, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पवन अग्रवाल, मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह, वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर दिव्यांग चिल्ड्रन की प्रधानाचार्य रेनू अग्रवाल, वी.सी. सिन्हा, धर्मवीर गुप्ता और राकेश गुप्ता सहित अनेक सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे।
जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में भारतीय विकास परिषद सोशल वेलफेयर ट्रस्ट एवं संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वार्षिकोत्सव दिव्यांग बच्चों के लिए समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्यांग बच्चों द्वारा श्री गणेश वंदना की अद्भुत एवं मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद दिव्यांग बच्चों द्वारा कश्मीर की डल झील, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम, गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की कला-संस्कृति को वहां की वेशभूषा एवं भाषा की खूबसूरत प्रस्तुतियों के दौरान समस्त सभागार तालियों से गुंजायमान हो गया।
पदमश्री अवार्डी डॉ.दीपा मलिक ने अपने संबोधन में अपने जीवन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा भारत विकास परिषद द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए चलाए जा रहे सभी प्रोजेक्ट सराहनीय हैं। उन्होंने अन्य संगठन और सामाजिक लोगों से आह्वान किया वो भी दिव्यांग बच्चों की इसी तरह मदद करें। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को सहारे की नहीं सहानुभूति और उनका साथ निभाने वालों की जरूरत है।
सभी बच्चों द्वारा स्लोगन और पोस्टर के साथ सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। अंत में प्रस्तुत की गई ‘हम ही कौशल का विकास करते हैं’ थीम पर आधारित आत्मेव प्रस्तुति में शिक्षकों और बच्चों ने मिलकर उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद का पूरा कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी, समावेशी विकास और भारतीय संस्कृति की विविधता को समर्पित रहा। दिव्यांग बच्चों की सेवार्थ गतिविधियों को संचालित करने वाली पूरी टीम को उन्होंने साधुवाद दिया और भविष्य में और अधिक समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सेंटर प्राचार्य रेनू अग्रवाल ने 2012 से चल रहे शिक्षा प्रोजेक्ट की जानकारी दी गई। मंच संचालन कर रहे राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर दिव्यांग चिल्ड्रन में 30-36 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। भारत विकास परिषद द्वारा डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र सेक्टर-8 में वर्ष 2022 से संचालित किया जा रहा है जिसमें प्रत्येक महीने 8000 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पवन अग्रवाल ने धन्यवाद व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। तदुपरांत सभी ने सामूहिक भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
