Faridabad NCR
सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी सिंगर एमडी देसी रॉकस्टार और सुभाष फौजी ने जमाया रंग

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 21 फरवरी। देसी-देसी ना बोला कर छोरी रै… इस देसी की फै न या दुनिया हो रही रै… जैसे ही हरियाणवी रॉकस्टार के नाम से विख्यात फॉक सिंगर एमडी देसी ने बड़ी चौपाल के मंच से गीत गाना शुरू किया तो दर्शकों ने नाचना शुरू कर दिया। हरियाणवी कलाकार एमडी देसी रॉकस्टार और सुभाष फौजी ने हरियाणवी गीतों से बड़ी चौपाल पर देर रात तक रंग जमाए रखा।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा राज्य पर्यटन निगम और कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा की ओर से आयोजित किए जा रहे सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रमों में हर रोज विख्यात कलाकारों द्वारा दी जा रही प्रस्तुतियों से पर्यटकों का भरपूर मनोरंजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मेला परिसर की गुरुवार की शाम हरियाणवी सिंगर एमडी देसी रॉकस्टार और सुप्रसिद्ध गायक सुभाष फौजी के मदमस्त गीतों के नाम रही। सबसे पहले इन दोनों हरियाणवी कलाकारों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा का सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले में इतनी बड़ी स्टेज पर आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद किया। वहीं मेला परिसर में की गई बेहतरीन व्यवस्था के लिए पर्यटन निगम और सूरजकुंड मेला प्रशासन की सराहना की।
बड़ी चौपाल के मंच से सांस्कृतिक संध्या में एमडी देसी रॉकस्टार और सुभाष फौजी ने ऐसा समां बांधा कि फिर रूकने का नाम नहीं लिया। उन्होंने निरंतर दो घंटे से भी अधिक समय तक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इन दोनों कलाकारों की तेरी आख्यां का यो काजल मन्ने करे सै गोरी घायल, मैडम बैठ बुलेरो में स्पेशल तेरी खात्तर लाया, पानी आली पानी प्या दे, ठाके डोल खड़ी होगी, मेरी मां ने बांधा डोरा, ठीक ठाक रहवे छोरा, तेरे रूप का जादू गौरी बंजारे न मार गया, मैं तेरी नचाई नाचू सूं इस दुनिया की औकात नहीं और छोरा मैं हरियाणे का…. जैसी बेहतरीन प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे।
इस अवसर पर पर्यटन निगम के महाप्रबंधक आशुतोष राजन, एजीएम राजपाल सिंह, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण और काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।