Faridabad NCR
जी-20 की मेजबानी के उपलक्ष्य में विदेशी प्रतिनिधियों की आयोजित हुई बैठक

Faridabad Hindustan ab tak/Dinesh Bhardwaj : 16 फरवरी। जी-20 के शेरेपा अमिताह कांत ने कहा कि हरियाणा राज्य डायनेमिक स्टेट है। पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाओं के साथ अग्रणी राज्य के रूप में हरियाणा की अतुलनीय पहचान है। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला हस्तशिल्प के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बेहतर व बड़ा मेला है। श्री कांत वीरवार को भारत की वर्ष 2023 की वसुधैव कुटुम्बकम (‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’) थीम के साथ मेजबानी करने के उपलक्ष्य में जी-20 तथा मेहमान देशों के प्रतिनिधियों की राजहंस होटल में एक बैठक के दौरान बोल रहे थे। इसके बाद सभी प्रतिनिधियों ने 36वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का भ्रमण किया। अंत में बड़ी चौपाल पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी देखी। सभी ने इस हस्तशिल्प मेले को दुनिया भर के देशों की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने वाला एक अनूठा आयोजन बताया।
हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बैठक में कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हरियाणा प्रदेश को मेजबानी करने का अवसर मिला है। यह हमारे लिए गर्व और गौरव की बात है। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला दुनिया के हस्तशिल्पकारों को बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध करवा रहा है। हरियाणा रिमारकेबल स्टेट है। यही कारण है कि हरियाणा आज इन्वेस्टमेंट के मामले में सबसे पसंदीदा राज्य है।
जी-20 के आपरेशन स्पेशल सेक्रेट्री मुक्तेश के प्रदेशी ने कहा कि दुनिया को जोड़ना जी-20 का मुख्य लक्ष्य व ध्येय है। जी-20 लगातार आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजन में हिस्सा लेगा।
बैठक में हेरिटेज टूरिज्म विभाग के प्रिंसिपल सेक्टरी एमडी सिन्हा ने सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला के बारे में बोलते हुए कहा कि यह मेला दुनिया के लोगों को एक दूसरे के आइडिया तथा तकनीक को साझा करने का मौका दे रहा है। एक जगह पर 70 एकड़ में होने वाला सबसे बड़ा मेला है। यह अरावली के मध्य है। इस बार सूरजकुंड मेले में चालीस से अधिक देशों की भागीदारी है। इतने अधिक आगंतुकों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा शिल्प मेला बन चुका है। हमारे देश के सभी हिस्सों के साथ-साथ दुनिया भर से हस्तशिल्प, हथकरघा, संस्कृति और व्यंजनों की बेहतरीन परंपराएं एक साथ मिलकर पूरी दुनिया को एक गांव का रूप दे रही है।
बैठक के बाद सभी मेहमानों ने सूरजकुंड मेले में हरियाणा के अपना घर की यात्रा की। इस दौरान सभी मेहमानों को हरियाणा की शान पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। वहीं एससीओ जोन, एनईआर स्टेट्स का अवलोकन किया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल सेक्टरी फॉरेन कॉरपोरेशन अनुराग अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, डीसी विक्रम सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।