Faridabad NCR
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में एक दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

Faridabad Hindustan ab tak/Dinesh Bhardwaj : 13 फरवरी। शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को उनके विषय एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित नवीनतम और गुणवत्तापूर्ण प्रकाशनों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के पंडित दीन दयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा आज एक दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया ताकि शिक्षक एवं विद्यार्थी प्रदर्शनी के माध्यम से में अपनी पसंद की पुस्तकों का चयन कर सके और ऐसी पुस्तकों के लिए केंद्रीय पुस्तकालय को खरीद के लिए सिफारिश कर सके।
इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने किया। प्रदर्शनी में जाने-माने प्रकाशकों द्वारा पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया था। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण विभागों के डीन एवं अध्यक्ष भी उपस्थित थे। कुलपति ने उत्सुकता से प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और विभिन्न विषयों में नवीनतम प्रकाशनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से पुस्तकालय के लिए पुस्तकों की अनुशंसा करने का आह्वान किया। कई संकाय सदस्यों ने प्रदर्शनी का दौरा किया और अपने विभागों के लिए पुस्तकों की सिफारिश की।
डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. पी.एन. बाजपेयी ने कहा कि इस तरह की पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के पुस्तकालय के मौजूदा संग्रह को सुदृढ़ करना होता है ताकि शिक्षकों को उनकी रुचि के क्षेत्र में नवीनतम प्रकाशनों के बारे में जागरूक किया जा सके। प्रदर्शनी में मैकग्रा-हिल, पियर्सन, सेज, सीआरसी, टेलर एंड फ्रांसिस, वल्र्ड साइंटिफिक, नरोसा, न्यू एज, स्प्रिंगर, सीबीएस, एस. चांद, बीपीबी, ब्लूम्सबरी, टैक्समैन इत्यादि पब्लिकेशन हाउसेज तथा उनके अधिकारिक वितरकों द्वारा पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया था।
प्रदर्शनी में 20 से अधिक प्रतिष्ठित प्रकाशकों और पुस्तक वितरकों ने हिस्सा लिया तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और मानविकी के विविध विषयों में अपने प्रकाशनों की पुस्तकों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी में लगभग 5000 पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।