Faridabad NCR
आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ : शोभित अरोड़ा

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निहत्थे लोगों की दर्दनाक हत्या किए जाने के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राईक कर आतंकी कैंपों को नेस्तानाबूद करने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव कौराली में एएसएन सीनियर सैकेंडरी स्कूल द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में मुख्य रुप से भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शोभित अरोड़ा शामिल हुए और स्कूली बच्चों सहित यात्रा में शामिल लोगों की हौंसला अफजाई की। विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और भारत माता की जयकारे लगाए। इस दौरान उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष शोभित अरोड़ा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में दोहराया है कि अब किसी भी प्रकार के आतंकवादी कृत्य को राष्ट्र के विरुद्ध युद्ध की तरह माना जाएगा और उसी गंभीरता से उसका उत्तर भी दिया जाएगा। शोभित अरोड़ा ने कहा कि आतंकवादियों के दुस्साहस का माकूल जवाब भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से दिया। यह सिर्फ एक बदला नहीं, बल्कि नए भारत की चेतावनी है। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर यह दर्शाता है कि अब कोई भी राष्ट्रविरोधी गतिविधि सहन नहीं की जाएगी। तिरंगा यात्रा के दौरान जोश और गर्व से ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा के पश्चात शोभित अरोड़ा दसवीं व बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माधव रावत, युवा भाजपा नेता विजय भाटी, स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती संतरा रानी, डायरेक्टर राजेंद्र सिंह, अध्यापक सुरेश चंद, पवन कुमार, प्रियंका इत्यादि मौजूद रहे।