Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 12 अगस्त। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय संगठन की यह अनूठी पहल न केवल छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना का संचार करती है, बल्कि देश के प्रति समर्पण, सम्मान और गर्व की भावना को भी प्रबल बनाती है। यह अभियान विद्यार्थियों को अपने देश, संस्कृति और शौर्य पर गर्व करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के बलिदान को स्मरण करने के लिए प्रेरित करता है।
इसी संदर्भ में दिनांक 12 अगस्त 2025 को हमारे विद्यालय में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या श्रीमती भारती कुक्कल के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कोर्डिनेटर श्रीमती भारती गुप्ता द्वारा किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 5, 6, 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगा धारण किया, तिरंगा टोपी और गालों पर तिरंगे की सजावट की, तथा देशभक्ति के नारों के साथ रैली में सम्मिलित हुए।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर KV No. 1 परिसर तक पहुंची। इस दौरान “वन्दे मातरम्”, “भारत माता की जय” जैसे जोशीले नारे गूंजते रहे। आस-पास का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
रैली का समापन विद्यालय के मुख्य द्वार पर हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्रगान गाया और देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
यह आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने में अत्यंत सफल रहा।