Faridabad NCR
वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन राजस्थान में ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड’ से सम्मानित

Ghaziabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : अखिल भारतीय कबीर मठ राजस्थान ने गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार ‘भारत गौरव’ जितेन्द्र बच्चन को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड – 2025’ से सम्मानित किया है। भव्य सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय श्रम तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सत्यनारायण जटिया, विशिष्ट अतिथि स्वामी सम्पूर्णानंद महाराज, बौद्ध धर्म गुरु भंते प्रज्ञासार जी, जैन धर्म गुरु विवेक मुनि महाराज एवं मठ के श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के करकमलों द्वारा यह सम्मान बच्चन को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि श्री जटिया ने कहा कि किसी पत्रकार के साथ कबीर का नाम जुड़ना ‘पत्रकारिता’ की निष्पक्षता का सबसे बड़ा प्रमाण है। जितेन्द्र बच्चन को हम लगभग 26 वर्ष से जानते हैं। हमेशा निष्पक्ष और खोजपरक खबरों को महत्व देते रहे हैं। कई समाचार पत्रों में बड़े पदों पर रहे लेकिन कभी अहम नहीं आया। आज हमें जितेन्द्र जी को कबीर सर्वोच्च सम्मान ‘कोहिनूर अवार्ड’ से सम्मानित करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कबीर मठ सदगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान बड़ी खाटू जायल, नागौर, राजस्थान में आयोजित दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम में देश की जानी-मानी 100 महानविभूतियों को उनकी उत्कृष्टता के लिए अलग-अलग विषयों में ‘कबीर कोहिनूर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। इससे पहले सतगुरु कबीर साहब की 628वीं जयंती पर बड़ी खाटू में भारत में प्रथम विश्व शांति कबीर कीर्ति स्तंभ का शिलान्यास किया गया।
श्री महंत भारत भूषण डॉ. नानक दास के अुनसार, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संत कबीर की अमर वाणी को समर्पित ‘कबीर कोहिनूर अवार्ड- 2025’ का आयोजन इस बार वीरों की भूमि बड़ी खाटू (राजस्थान) में किया गया। यह सम्मान समारोह उन विशिष्ट अतिथियों को समर्पित रहा, जिन्होंने पत्रकारिता, साहित्य, कला, संगीत, समाजसेवा और शिक्षा के रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले कबीर कोहिनूर अवार्ड अखिल भारतीय कबीर मठ, सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान राजस्थान द्वारा देश की महानविभूतियों को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाता रहा है। इस बार यह राजस्थान में किया गया। कार्यक्रम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी महाराज, हरियाणा के स्वामी सम्पूर्णानंद जी महाराज, स्वामी जितेंद्रनंद महाराज, महंत डॉ. रुपचंद दास जी महाराज, कमिश्नर डॉ. आरडी रेवाला, कई अन्य प्रशासनित अधिकारी व गणमान्य उपस्थित रहे।