Connect with us

Faridabad NCR

तय समय सीमा में काम पूरा न करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : राजेश नागर

Published

on

Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 30 दिसंबर। हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने आज अपने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सम्न्बंधित विभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ नीमका स्थित निर्माणाधीन गोल चक्कर सहित कई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर मंत्री नागर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निरीक्षण जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के साथ एक दिन पूर्व हुई समीक्षा बैठक के बाद किया गया।

मंत्री राजेश नागर सुबह से ही अधिकारियों के साथ क्षेत्र की सड़कों, चौराहों और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने कहा कि बजट स्वीकृत होने के बाद कार्यों की गति धीमी होना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। कुछ प्रमुख चौराहों पर सौंदर्यीकरण कार्य अधूरे या धीमी गति से चलते पाए गए, जिस पर उन्होंने तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

मंत्री नागर ने कहा कि चौराहे किसी भी शहर की पहचान होते हैं। इनके सौंदर्यीकरण में लाइटिंग, लैंडस्केपिंग और फव्वारों जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि सरकार चंडीगढ़ की तर्ज पर चौराहों के विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मंत्री का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा अमूल्य है और इसका सही उपयोग होना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। गुणवत्ता से समझौता या कार्य में लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दौरे के दौरान मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने धूल-मिट्टी और अधूरे निर्माण कार्यों से हो रही परेशानियों से अवगत कराया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि आगामी कुछ सप्ताहों में इन समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य तिगांव विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में एक आदर्श विधानसभा बनाना है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 | www.hindustanabtak.com