Views: 4
Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 06 सितंबर। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज फरीदाबाद के बी.के. चौक से लेकर नीलम चौक तक नाले को पक्का करने एवं नीलम सिनेमा के पीछे नई पुलिया निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगभग 2.05 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे आगामी 4 माह की अवधि में पूरा किया जाएगा। इस निर्माण कार्य का क्रियान्वयन फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफ.एम.डी.ए.) द्वारा किया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि आज जिस परियोजना का शुभारंभ किया गया है, उसके पूरा होने पर स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही जाम समस्या से राहत मिलेगी और शहर में यातायात सुगम होगा।
केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर फरीदाबाद के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में सड़कों और हाईवे कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा वर्तमान मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में फरीदाबाद हर दृष्टि से एक आदर्श और विकसित शहर के रूप में स्थापित होगा।फरीदाबाद में सड़कों, पुलों, सीवरेज सिस्टम, जल निकासी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए गए हैं।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने अपने संबोधन में कहा कि बी.के. चौक और नीलम चौक के बीच वर्षों से कच्चा नाला बना हुआ है, जिसके चलते क्षेत्र में गंदगी और जाम की समस्या बनी रहती थी। नाले को पक्का करने से न केवल गंदगी का स्थायी समाधान होगा, बल्कि जल निकासी भी सुचारू रूप से हो सकेगी। वहीं, नीलम सिनेमा के पीछे पुलिया बनने से चौक पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम की समस्या से भी लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी। यह परियोजना फरीदाबाद की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में एक ठोस कदम है। नाला पक्का होने के बाद बची हुई भूमि का उपयोग फुटपाथ और सड़क चौड़ीकरण के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर नेहरू ग्राउंड व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम जुनेजा के नेतृत्त्व में उपस्थित व्यापारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के माध्यम से केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) की दरों में किए गए बदलावों से व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। व्यापार वर्ग ने इसे केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का प्रतीक बताया।
शुभारंभ अवसर पर हरियाणा सरकार में चेयरमैन हुकम सिंह भाटी, निगम पार्षद सुमन बाला, निगम पार्षद जसवंत सिंह, निगम पार्षद हरिकिशन गिरोटी सहित अन्य गणमान्य लोग, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।