Faridabad Hindustanabtak.com/Dinesh Bhardwaj : 09 फरवरी। 38 वें अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की ओर से दोपहर भोज का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से आयोजित दोपहर भोज के दौरान हरियाणा के पर्यटन मंत्री डा. अरविंद कुमार शर्मा द्वारा आतिथ्य सत्कार किया गया। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के तीसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री व डा. शर्मा की मेहमान नवाजी से मंत्रीगण एवं आमंत्रित मेहमान काफी प्रभावित हुए। इस आयोजन में हर स्टॉल, हर टेबल पर मुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री ने खुद पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं से पूछा, मैं आपके लिए क्या लाऊं। ऐसा सुनकर अतिथियों का मन भाव-विभोर हो गया।
38वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले की अगुवाई कर रहे विरासत व पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने स्वयं मेहमानों की खातिरदारी भी की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के मंत्री कृष्णलाल पंवार, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, राजेश नागर, गौरव गौतम सहित सभी मेहमानों को स्वयं भोजन परोसने सहित अन्य व्यवस्थाओं का खास ध्यान रखा। हर स्टॉल और हर टेबल पर खुद पहुंचते हुए उनसे पूछा कि वो उनके लिए कुछ लाएं। ऐसा सुनकर अतिथियों के मन मे खुशी और स्नेह का संचार हुआ कि खुद उन्हें कैबिनेट मंत्री उनकी मेहमान नवाजी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आगामी 23 फरवरी तक पर्यटन निगम द्वारा सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री का दायित्व डा. अरविंद शर्मा के पास है। मेले में पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा प्रदेश वासियों को मेले का भ्रमण करने का न केवल आह्वान कर रहे हैं, बल्कि आगंतुकों के सत्कार में भी उनकी कोई सानी नहीं है। गत दिवस गोहाना राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं का समूह भी मेला देखने सूरजकुंड पहुंचा था। छात्राओं के अनुरोध पर पर्यटन मंत्री ने स्वयं अपनी ओर से परिवहन सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए। छात्राओं ने भी पर्यटन मंत्री की इस पहल की न केवल सराहना की, बल्कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सहित पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा का आभार व्यक्त किया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे गणमान्य व्यक्तियों ने विरासत एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा की सराहनीय पहल की प्रशंसा की।